न्यू ईयर से पहले दिल्ली में रातभर ताबड़तोड़ एक्शन

न्यू ईयर से पहले दिल्ली में रातभर ताबड़तोड़ एक्शन

ऑपरेशन ‘आघात’ में 285 गिरफ्तार, इंटरस्टेट ऑटो लिफ्टर गिरोह का पर्दाफाश

नई दिल्ली।नए साल के जश्न से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए अपराधियों पर करारा प्रहार किया है। दिल्ली पुलिस ने पूरी रात शहरभर में ‘ऑपरेशन आघात’ चलाकर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिसमें कुल 285 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि करीब 1300 लोगों को राउंड अप किया गया है। इस दौरान हथियार, नकदी, नशीले पदार्थ और अवैध शराब भी भारी मात्रा में बरामद की गई है।दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह विशेष अभियान खासतौर पर सक्रिय अपराधियों, संगठित गिरोहों और आपराधिक नेटवर्क पर नकेल कसने के उद्देश्य से चलाया गया। साउथ-ईस्ट जिला समेत कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई की गई, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।

हथियार, शराब और नशे की बड़ी बरामदगी

ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत पुलिस ने एक्साइज एक्ट, NDPS एक्ट और जुआ अधिनियम के मामलों में 285 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं 504 लोगों को निवारक कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया और 116 बदमाशों को चरित्र खराब होने के आरोप में दबोचा गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21 देसी पिस्तौल,20 जिंदा कारतूस,27 चाकू बरामद किए।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान में 12,258 क्वार्टर शराब जब्त की गई, जबकि नशे के कारोबार पर प्रहार करते हुए 6.01 किलोग्राम गांजा भी बरामद हुआ। जुए के मामलों में 2.30 लाख रुपये से अधिक की नकदी, 310 मोबाइल फोन, 231 दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

इंटरस्टेट ऑटो-लिफ्टर गिरोह का भंडाफोड़

इसी अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की AATS शाहदरा टीम ने एक अंतरराज्यीय ऑटो-लिफ्टर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 50 वर्षीय कमरयाब को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दिल्ली-एनसीआर से चोरी की गई चार कारें बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, चारपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए AATS टीम ने CCTV फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर जांच शुरू की थी। 13 दिसंबर को मिली गुप्त सूचना पर ताहिरपुर चौक से SDN अस्पताल, दिलशाद गार्डन रोड पर जाल बिछाया गया, जहां आरोपी को चोरी की कार के साथ गिरफ्तार किया गया।जांच में सामने आया कि बरामद कार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से चोरी की गई थी। आरोपी की निशानदेही पर दो मारुति ब्रेजा और एक मारुति बलेनो समेत तीन अन्य चोरी की कारें भी बरामद की गईं।

नंबर प्लेट बदलकर कई राज्यों में बेचता था गाड़ियां

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मेरठ का रहने वाला है और अपने साथियों माजिद और ताजू के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर से गाड़ियां चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, संभल, मेरठ और राजस्थान के जोधपुर में बेच दिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से ही वाहन चोरी के आठ मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है। फिलहाल उसके फरार साथियों की तलाश जारी है।दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यू ईयर के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि राजधानी में अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

ये भी पढ़ें 1 जनवरी 2026 से बदलेंगे 10 बड़े नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें