सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर सख्ती, नियम तोड़े तो होगी एफआईआर: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
कैमरे, लाइट, बैरियर और रोड मार्किंग अनिवार्य, जाम लगाने वाले ट्रकों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 29 दिसंबर। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि सड़कों पर पट्टियां, संकेत चिन्ह और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध नहीं पाए गए तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। यह स्पष्ट चेतावनी उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के बाद यातायात को शीघ्र बहाल करने के उद्देश्य से 52 लाख रुपये की लागत से नई टोइंग वैन खरीदी गई है। इसके अलावा हिट एंड रन मामलों में पीड़ित परिवार को 2-2 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की व्यवस्था की गई है। बैठक में वर्ष 2024-25 के अक्टूबर व नवंबर माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों के आंकड़ों तथा एकीकृत सड़क दुर्घटना डाटा प्रणाली में दर्ज लंबित और पूर्ण मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कैमरे लगाने, सड़क चौड़ीकरण, पुराने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सुधार, चांदनी बाग थाना से एनएच-44 तक सड़क मरम्मत, रिफाइनरी रोड पर बत्रा कॉलोनी के पास कंक्रीट बैरियर विस्तार, इसराना क्षेत्र में सर्विस रोड की खराब स्थिति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त डाहर टोल प्लाजा पर रोशनी एवं परावर्तक टेप लगाने, नूरवाला गांव के पास क्षतिग्रस्त सड़क, बरसात रोड पर रायमहल होटल के समीप सड़क मरम्मत, अवैध पार्किंग हटाने, पेड़ों की कटाई व झाड़ियों की सफाई, पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, खुले व टूटे नालों को ढकने तथा स्लैब लगाने संबंधी निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि बरसात रोड से पुल पर चढ़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई तुरंत की जाए तथा चयनित 10 स्थानों पर मजबूत ग्रिल लगाई जाए। साथ ही सभी सड़कों पर अनिवार्य रूप से रोड मार्किंग, संकेत चिन्ह और रिफ्लेक्टिव सामग्री लगाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रवर्तन और निगरानी को और सख्त किया जाएगा। अवैध पार्किंग, तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने और ट्रैफिक जाम करने वाले ट्रकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। स्कूल वाहनों की नियमित जांच कर सुरक्षित स्कूल वाहन नीति का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
बैठक में समाधान शिविरों के दौरान प्राप्त जन अनुरोधों पर भी विचार किया गया, जिसमें नौल्था में लड़कों के स्कूल के सामने कट खोलने तथा पुराने बस अड्डे के पास विशन स्वरूप कॉलोनी की ओर जाने वाले क्रॉसओवर पर ट्रैफिक लाइट लगाने का प्रस्ताव शामिल रहा। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने सुझाव दिया कि जहां भी नालों पर स्लैब डाले जाएं, उन्हें सड़क के समानांतर रखा जाए ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इस सुझाव पर संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीएमओ डॉ. विजय मलिक, डीईओ राकेश बूरा, आरटीओ डॉ. नीरज जिंदल, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी, डीटीपी सुमित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












