हाथरस में 9वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पढ़ाई को लेकर मां की डांट से था आहत
संवाददाता – अश्वनी कुमार हाथरस जिले के मुरसान कोतवाली क्षेत्र के कोटा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कक्षा 9 के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अनमोल पुत्र शानुद्दीन के रूप में हुई है। वह गांव के ही एक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था। परिजनों के अनुसार, पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर अनमोल ने घर के एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिवार वालों को शक हुआ, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर परिजन सन्न रह गए, अनमोल फंदे पर लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि मृतक के पिता फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जिला अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए।
मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि सूचना के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
ये भी पढ़ें Mainpuri: पानी भरने के विवाद में दबंगों की हैवानियत, महिला की उंगलियां तोड़ीं












