एफसीआई का टेंडर दिलाने के नाम पर 4 करोड़ की ठगी, गिरोह का सरगना गिरफ़्तार
लखनऊ। एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) का टेंडर दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ (विशेष कार्य बल) ने इस गिरोह के सरगना अरविन्द चौहान उर्फ नजाहिर हुसैन को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक घड़ी, फर्जी आधार कार्ड और कई अन्य फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अरविंद चौहान अपने चार साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से लोगों को एफसीआई का टेंडर दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था। आरोपी के खिलाफ सैयद रफत नामक व्यक्ति ने एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि टेंडर दिलाने के नाम पर उनसे करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपने साथियों — अभिषेक ठाकुर, विशाल, अभिषेक जैन और प्रकाश के साथ मिलकर मुईन नामक व्यक्ति से भी 140 करोड़ रुपये के टेंडर दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठी थी। आरोपी और उसके गिरोह के सदस्य खुद को सरकारी अधिकारी या बड़े ठेकेदार बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और फर्जी दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाते थे।
एसटीएफ के अनुसार. आरोपी बेहद शातिर तरीके से योजनाबद्ध ठगी करता था और ठगी के बाद पहचान छुपाने के लिए फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था। आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में भी टीमें दबिश दे रही हैं। एसटीएफ का कहना है कि पूरे गिरोह का नेटवर्क जल्द ही पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।
फिलहाल, अरविंद चौहान से गहन पूछताछ की जा रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें लखीमपुर खीरी को जल्द मिलने वाला है एयरपोर्ट, सीएम योगी ने की घोषणा












