लखीमपुर खीरी को जल्द मिलने वाला है एयरपोर्ट, सीएम योगी ने की घोषणा
लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने शारदा नदी में ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री खुद बोट में सवार होकर शारदा नदी में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद सीएम योगी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए हाल ही में हुए पहलगाम हमले का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि हमारे समाज में आतंकवाद और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। भारत सरकार का सुरक्षा, सेवा और सुशासन का मॉडल विकास आधारित है, जो गरीबों के कल्याण और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। लेकिन यदि कोई देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करेगा तो ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत नया भारत उसे उसकी ही भाषा में जवाब देने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नया भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन यदि कोई छेड़ेगा तो उसे छोड़ेगा भी नहीं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुरक्षा, सेवा और सुशासन का एक नया मॉडल खड़ा किया है, जो विकास और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है। उन्होंने दोहराया कि देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले को जल्द मिलेगा एयरपोर्ट
लखीमपुर खीरी में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिले में जल्द ही एक एयरपोर्ट का निर्माण होगा। दुधवा नेशनल पार्क जैसे पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए एयरपोर्ट की आवश्यकता महसूस की गई है। जमीन के निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदा नदी पर बाढ़ से राहत देने के लिए ट्रेनिंग और चैनलाइजेशन का कार्य 22 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस दौरान पलिया क्षेत्र के विधायक रोनी साहनी ने भी क्षेत्र की अन्य समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा। विधायक ने बजाज चीनी मिल से किसानों को बकाया भुगतान दिलाने की मांग करते हुए कहा कि किसान भुगतान न मिलने के कारण काफी परेशान हैं।
ये भी पढ़ें मैं अब भारत की बहू हूं, मुझे यहीं रहने दिया जाए: सीमा हैदर की अपील












