जीडीए ने निभाया वादा, मधुबन-बापूधाम में कृषकों को विकसित भूखंडों के आवंटन पत्र वितरित

जीडीए ने निभाया वादा, मधुबन-बापूधाम में कृषकों को विकसित भूखंडों के आवंटन पत्र वितरित

संवाददाता: पवन सूर्यवंशी. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा आज दिनांक 6 जनवरी 2026 को मधुबन-बापूधाम स्थित प्राधिकरण कार्यालय में कृषकों को विकसित भूखंडों के आवंटन पत्र वितरण हेतु विशेष शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में किसानों को उनके आवंटित भूखंडों के आधिकारिक आवंटन पत्र प्रदान किए गए।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2004 में मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के अंतर्गत जीडीए द्वारा लगभग 800 एकड़ भूमि कास्तकारों से क्रय की गई थी। भूमि क्रय के समय प्राधिकरण ने किसानों से यह वादा किया था कि उन्हें 4/6 प्रतिशत विकसित भूखंड आवंटित किए जाएंगे। जीडीए ने अपने इस वायदे को पूरा करते हुए दिनांक 27 एवं 28 नवंबर 2025 को हिंदी भवन में कृषकों की उपस्थिति में लॉटरी प्रणाली के माध्यम से कुल 762 भूखंडों का आवंटन किया था।

आज आयोजित विशेष शिविर में उन्हीं भूखंडों की विशिष्ट संख्या सहित आवंटन पत्र औपचारिक रूप से किसानों को सौंपे गए। इस अवसर पर जीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किसानों की समस्याओं को सुना गया और उनका त्वरित समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जीडीए के उपाध्यक्ष श्री नंदकिशोर कलाल ने कहा कि प्राधिकरण किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मधुबन-बापूधाम योजना में किए गए सभी वायदों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो कृषक आज किसी कारणवश अपना आवंटन पत्र प्राप्त नहीं कर सके हैं, वे कार्यदिवसों में जीडीए कार्यालय में संपर्क कर अपना पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

प्राधिकरण ने ऐसे किसानों से अपील की है कि वे कार्यालय आते समय भूखंड आरक्षण पत्र की प्रति एवं पहचान पत्र की प्रति साथ अवश्य लाएं, ताकि आवंटन पत्र प्रदान करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण की जा सके।

इस विशेष शिविर के आयोजन से किसानों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला तथा जीडीए की कार्यप्रणाली के प्रति सकारात्मक संदेश गया है।

ये भी पढ़ें बेहद शुभ योग में सकट चौथ आज, जानें पूजन विधि और चंद्रोदय का समय

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें