इलेक्ट्रिक रॉड बनी मौत का कारण: नर्सिंग की पढ़ाई कर रहीं सगी बहनों की करंट से दर्दनाक मौत, भाई विशाल के सामने उजड़ा घर
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
मुज़फ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी रामपुरी में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म करते समय करंट फैलने से सहारनपुर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहीं सगी बहनें निधि (24) और लक्ष्मी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। एक बहन को बचाने के प्रयास में दूसरी बहन भी करंट की चपेट में आ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहबुद्दीनपुर रोड स्थित उत्तरी रामपुरी निवासी विनोद पाल कैटरिंग का कार्य करते हैं। बुधवार सुबह करीब सात बजे उनकी बड़ी बेटी निधि नहाने के लिए लोहे की बाल्टी में इलेक्ट्रिक रॉड लगाकर पानी गर्म कर रही थी। इसी दौरान बाल्टी से पानी रिसकर फर्श पर फैल गया। रॉड चालू होने के कारण पानी में करंट प्रवाहित हो गया। कुछ देर बाद जब निधि पानी लेने पहुंची तो जैसे ही उसका पैर फर्श पर पड़े पानी में पड़ा, वह करंट की चपेट में आ गई। बड़ी बहन को तड़पता देख छोटी बहन लक्ष्मी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के समय माता-पिता मकान की ऊपरी मंजिल पर मौजूद थे, जबकि भाई विशाल दूध लेने बाहर गया हुआ था। जब विशाल वापस लौटा तो उसने दोनों बहनों को फर्श पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ा और शोर मचाया। शोर सुनकर माता-पिता, पड़ोसी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना पर सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इसे हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और भाजपा नेता गौरव स्वरूप मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुखद घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया।
इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म करते समय बरतें ये सावधानियां
रॉड चालू होने पर कभी भी नंगे पैर उस स्थान पर न जाएं, जहां पानी या नमी हो।
हमेशा चप्पल या इंसुलेटेड फुटवियर पहनें।
गीले हाथ या पैरों से रॉड को न छुएं।
पानी निकालने से पहले रॉड का स्विच बंद करना अनिवार्य है।
चलती हुई रॉड को पानी से निकालने की कोशिश न करें।
बच्चों की पहुंच से इलेक्ट्रिक रॉड को हमेशा दूर रखें।
यह हादसा एक बार फिर बिजली से जुड़े उपकरणों के इस्तेमाल में लापरवाही के खतरनाक परिणामों की चेतावनी देता है।












