मथुरा में रिश्तों का खून: चाची से संबंध टूटने से बौखलाए भतीजे ने चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या
मथुरा (उत्तर प्रदेश)।
जनपद मथुरा से रिश्तों, भरोसे और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। राया थाना क्षेत्र में चाची से अवैध संबंधों के टूटने से आहत एक भतीजे ने अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस नृशंस हत्याकांड का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राया थाना क्षेत्र के गांव सारस निवासी अमृत सिंह (34) मंगलवार की रात करीब आठ बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास झाड़ियों में अमृत सिंह का लहूलुहान शव मिला। गर्दन पर गहरे घाव के निशान थे, जिससे स्पष्ट हो गया कि हत्या बेहद निर्ममता से की गई है। शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष जांच टीमें गठित कीं। जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक के भतीजे रोहित (22) पर गया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का अपनी चाची से अवैध संबंध था, लेकिन पिछले करीब तीन महीनों से चाची ने उससे दूरी बना ली थी और संबंध बनाने से साफ इन्कार कर दिया था। आरोपी को शक था कि उसके चाचा अमृत सिंह ही उसके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा हैं।
इसी नफरत और वहशी सोच के चलते रोहित ने हत्या की साजिश रची। मंगलवार रात उसने चाचा को शराब पिलाई और बहाने से गांव के बाहर तालाब किनारे ले गया। वहां मौका पाकर कुल्हाड़ी से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर अमृत सिंह की हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें कुशीनगर में ओवरलोड ट्रालों के खिलाफ सख्त रुख, पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने रोका ट्राला












