20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार, दलाल भी दबोचा
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
बरेली से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एंटी करप्शन टीम ने पैमाइश के नाम पर रिश्वत मांगने वाले राजस्व निरीक्षक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में राजस्व निरीक्षक के साथ एक दलाल को भी पकड़ा गया है। जानकारी के अनुसार, आंवला तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र पाल सिंह ने केसरपुर निवासी किसान पंकज से उनकी कृषि भूमि की पैमाइश कराने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। एंटी करप्शन टीम ने सिरौली थाना क्षेत्र के नलकूप नंबर-2 के पास दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र पाल सिंह और दलाल सर्वेश शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को भमोरा थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एंटी करप्शन थाने के प्रभारी प्रवीण सान्याल ने बताया कि शिकायतकर्ता पंकज ने आरोप लगाया था कि पैमाइश के बदले उनसे लगातार रुपये मांगे जा रहे थे।
शिकायत सत्य पाए जाने पर टीम ने कार्रवाई कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।












