रिश्वत लेते बीडीओ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
देवरिया जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरखपुर की एंटी करप्शन टीम ने ग्राम विकास अधिकारी / खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अधिकारी की पहचान देसही ब्लॉक में तैनात बीडीओ जय नारायण सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, फर्म मालिक सतीश मणि ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि बीडीओ जय नारायण सिंह द्वारा कराए गए विकास कार्यों के भुगतान के बदले ठेकेदार से रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। निर्धारित योजना के तहत जैसे ही आरोपी बीडीओ ने 24 हजार रुपये की रिश्वत ली, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन टीम का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












