निराश्रितों की सुरक्षा के साथ जागरूकता भी हमारा उद्देश्य : एसडीएम मनदीप कुमार
जिला क्राइम रिपोर्टर : सागर गोयल
पानीपत, हरियाणा कड़ाके की ठंड को देखते हुए असहाय, निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के निर्देशानुसार एसडीएम मनदीप कुमार ने देर रात शहर के विभिन्न रैन बसेरों एवं खुले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सर्दी राहत अभियान की स्थिति का जायजा लिया।
एसडीएम मनदीप कुमार ने रेलवे स्टेशन, फ्लाईओवर के नीचे, औद्योगिक क्षेत्र तथा सलम क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे गरीब, असहाय एवं यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें सर्दी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जरूरतमंदों को कंबल भी वितरित किए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन हर वर्ष जिला रेडक्रास सोसाइटी एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से सर्दियों में निराश्रितों, असहायों और यात्रियों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था करता है। साथ ही समय-समय पर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जाते हैं ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असुरक्षित न रहे।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल राहत सामग्री बांटना ही नहीं, बल्कि लोगों को सामाजिक सुरक्षा और ठंड से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना भी है।”
इस अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों को विशेष प्राथमिकता दी गई। जिला रेडक्रास सोसाइटी के माध्यम से कंबल वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, रेडक्रास टीम के जिला प्रशिक्षण अधिकारी हरमेंश चंद, स्टाफ सदस्य लाल चंद, मोहित, गोपाल तथा स्वयंसेवक अमन भी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत निःशुल्क कंबल वितरण












