जेसीबी–ड्रोन से पुष्पवर्षा, युवा जोश से गूंजा एनएच-48
नितिन नबीन के स्वागत में उमड़ी भाजपा की युवा शक्ति, गुरुग्राम बना सियासी उत्सव का गवाह
गुरुग्राम. भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पहली बार हरियाणा आगमन पर सोमवार को गुरुग्राम में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। एम्बियंस मॉल से लेकर सिग्नेचर टावर स्थित भाजपा कार्यालय तक एनएच-48 जयकारों, पुष्पवर्षा और भगवा झंडों से सजा नजर आया। इस भव्य स्वागत में भाजपा की युवा शक्ति पूरे जोश के साथ शामिल रही।
गुरुग्राम में प्रवेश करते ही नितिन नबीन एक खुली गाड़ी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के साथ सवार हुए। जैसे ही काफिला आगे बढ़ा, चार जेसीबी मशीनों से फूलों की बारिश की गई। वहीं युवाओं ने ड्रोन उड़ाकर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।
सैकड़ों मोटरसाइकिल सवार युवाओं ने काफिले की अगुवाई की। पूरे मार्ग पर भाजपा के झंडे लहराते रहे और “जय भाजपा”, “जय नितिन नबीन” के नारों से आसमान गूंजता रहा। दिल्ली बॉर्डर से लेकर भाजपा कार्यालय तक कई किलोमीटर लंबा मार्ग रंग-बिरंगे फूलों और सजावट से भव्य रूप में सुसज्जित किया गया था।
युवाओं के उत्साह से अभिभूत नितिन नबीन ने कहा कि इस आत्मीय स्वागत ने उन्हें बेहद प्रेरित किया है। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यही शक्ति संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
स्वागत कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक और अनुकरणीय स्वागत किया है, इसके लिए सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।
इस भव्य आयोजन ने न केवल भाजपा की संगठनात्मक ताकत को दर्शाया, बल्कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
ये भी पढ़ें एटा में तेज रफ्तार का कहर: ई-रिक्शा–लोडर की भीषण टक्कर, दो मासूमों की मौत,












