साली से चल रहा था अवैध संबंध, विरोध कर रही पत्नी की ईंट से सिर कुचलकर कर दी हत्या
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति संजय ने पत्नी सविता के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी जान ले ली और शव को सड़क किनारे फेंक दिया।
जानकारी के मुताबिक, संजय का अपनी पत्नी सविता की चचेरी बहन से प्रेम संबंध था। सविता इस अवैध संबंध का लगातार विरोध कर रही थी। दस साल पहले संजय और सविता की शादी हुई थी और उनके दो बेटे भी हैं। लेकिन पति का साली से बढ़ता रिश्ता सविता को नागवार गुजर रहा था। आए दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था।
सोमवार रात एक बार फिर इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद संजय ने आपा खो दिया और पास में पड़ी ईंट से सविता के सिर पर वार कर दिया। सविता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के इरादे से सड़क किनारे फेंक दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं कि किसी रिश्ते की आड़ में कोई इतना क्रूर कैसे हो सकता है।
ये भी पढ़ें आगरा में बालाजी ज्वेलर्स हत्याकांड के आरोपी अमन की मुठभेड़ में मौत, एक अन्य गिरफ्तार













