राजा के ताल पर अवैध कब्जों पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, चला बुलडोजर
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी जनपद में राजा के ताल क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जों पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। बुधवार को राजस्व विभाग, नगर प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन को शिकायत मिल रही थी कि राजा के ताल की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर लिया गया है, जिससे तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा था। जांच के बाद कब्जों को अवैध पाए जाने पर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाया गया, जिससे मौके पर कानून-व्यवस्था बनी रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने बताया कि सरकारी तालाबों और जलस्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराना शासन की प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस तरह के अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।












