इटवा तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 52 शिकायतें आईं—7 का मौके पर निस्तारण
संवाददाता श्याम नंदन शुक्ला सिद्धार्थनगर।
तहसील इटवा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 52 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 07 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति सहित अन्य विभागों की शिकायतों की सुनवाई की गई। राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक मामलों की सुनवाई जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. एवं उपजिलाधिकारी इटवा कुणाल द्वारा की गई, जबकि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन ने की। जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन करते हुए तत्काल जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि तहसील समाधान दिवस एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जांच की प्रक्रिया शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ किए जाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि वे अनिवार्य रूप से भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर तैयार करें। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का कोई भी प्रकरण तहसील दिवस के बाद लंबित नहीं रहना चाहिए। यदि कोई प्रकरण लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों का विभागवार विवरण इस प्रकार रहा—
राजस्व: 22
पुलिस: 09
विकास: 06
विद्युत: 05
लोक निर्माण विभाग: 02
अन्य: 08
इनमें से राजस्व विभाग के 07 प्रार्थना पत्रों का तत्काल निस्तारण कराया गया। शेष सभी शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सीएमओ डा. रजत कुमार चौरसिया, डीडी एग्रीकल्चर राजेश कुमार, डीएसओ रविशंकर पाण्डेय, जिला एसबीओ महिपाल सिंह, डीपीओ विनय कुमार सिंह, तहसीलदार अजय कुमार मौर्य, एसडीएम कुणाल सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे












