ग्राम बुंदेला में अवैध निर्माण से आम रास्ता बंद, डेढ़ माह बाद भी प्रशासन मौन
समाधान शिविर में भी उठी आवाज, पंचायत प्रस्ताव की कॉपी सौंपी, फिर भी कार्रवाई शून्य
बेमेतरा: बेमेतरा जिले के नांदघाट तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बुंदेला में आम रास्ते पर किए गए अवैध निर्माण को लेकर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव के निवासी मानसिंग द्वारा बांध के पास सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत 28 मार्च को तहसीलदार के नाम लिखित आवेदन के माध्यम से की गई थी, लेकिन डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
यह रास्ता गांव के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो लगभग 100 एकड़ कृषि भूमि तक पहुंचने का मुख्य मार्ग है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त निर्माण से उनका आना-जाना बाधित हो गया है और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इस बीच पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा समाधान शिविर के दौरान भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। ग्राम पंचायत की ओर से एक प्रस्ताव पारित कर, जिसमें स्पष्ट रूप से अवैध निर्माण हटाने की बात कही गई थी, उसकी कॉपी समाधान शिविर में मौजूद अधिकारियों को सौंपी गई। शिविर में प्रतिनिधियों ने पुनः आवेदन प्रस्तुत कर प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई प्रत्यक्ष कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की यह चुप्पी जनहित की उपेक्षा है और यह संकेत देती है कि शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे तहसील कार्यालय का घेराव कर जन आंदोलन करेंगे।
ये भी पढ़ें पुलिस की अनदेखी से पीड़ित बेहाल: दबंगों की मारपीट और लूट का आरोप













