जनपद में शादी से बचने को युवती ने रचा ‘नागिन ड्रामा’, बिस्तर पर छोड़ी 5 फीट सांप की केंचुली; गांव में मचा हड़कंप
मंडल संवाददाता अमित चौहान

औरैया (यूपी) उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से बचने के लिए एक युवती ने ऐसा फिल्मी ड्रामा रच दिया कि पूरा गांव दहशत और अफवाहों के साए में आ गया। 25 वर्षीय रीना की शादी परिजन उसकी मर्जी के बिना कहीं और तय कर चुके थे, लेकिन युवती इस रिश्ते से खुश नहीं थी। बताया जा रहा है कि रीना का पहले से ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों के दबाव और जबरन शादी से बचने के लिए उसने एक खौफनाक योजना बनाई।
युवती ने घर से निकलने से पहले अपने कमरे के बिस्तर पर करीब 5 फीट लंबे सांप की केंचुली रख दी और चुपचाप घर छोड़कर फरार हो गई।
सुबह मचा हड़कंप, नागिन बनने की उड़ी अफवाह
सुबह जब परिजनों की नजर बिस्तर पर पड़ी सांप की केंचुली पर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। देखते ही देखते यह खबर गांव में फैल गई। किसी ने कहा कि लड़की नागिन बन गई है, तो किसी ने इसे चमत्कार करार दे दिया। अफवाहों का ऐसा दौर चला कि युवती के घर के बाहर भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस जांच में खुला राज
इधर, युवती के अचानक लापता होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मामले की गंभीरता से जांच की तो पूरा सच सामने आ गया। पुलिस जांच में पता चला कि रीना ने जानबूझकर यह ‘नागिन ड्रामा’ रचा था, ताकि वह शादी से बच सके और प्रेमी के साथ फरार हो जाए।
युवती की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस युवती और उसके प्रेमी की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों को बरामद कर पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












