राष्ट्रीय पक्षी मोर की हत्या, पकाते हुए आरोपी गिरफ्तार
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। जनपद के नया गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला चंदी गांव में राष्ट्रीय पक्षी भारतीय मोर की हत्या कर उसे चूल्हे पर पकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस की मदद से आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मौके से बरामद हुए साक्ष्य
वन कर्मियों के अनुसार, सूचना के आधार पर जब टीम गांव पहुंची तो आरोपी युवक मृत मोर को भगौने में पकाता मिला। मौके से खून से सना चाकू, मोर के जले हुए पंख और पकते हुए अंग बरामद किए गए। वन विभाग ने सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वन विभाग द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी चरण सिंह उर्फ गोलू पुत्र सरमन निवासी नगला चंदी के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है। संबंधित धाराओं में कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
वन विभाग की टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान वन विभाग के कर्मचारी सक्षम त्रिपाठी, वन रक्षक सचिन कुमार, न्यूनतम वेतन कर्मी धर्मेंद्र कुमार, उजीर सिंह और समरपाल मौजूद रहे। टीम ने नया गांव थाना पुलिस को लिखित शिकायती पत्र सौंपा।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपी पर राष्ट्रीय पक्षी को मारकर पकाने का गंभीर आरोप है। एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना वन्यजीव संरक्षण कानूनों के उल्लंघन का गंभीर मामला है, जिस पर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है।












