जनपद एटा में रफ्तार का कहर: चलती बस का आगे का टायर निकला, मची चीख-पुकार
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। एटा के मिरहची थाना क्षेत्र में सिरसा टिप्पू नहर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनुबंधित बस का आगे का टायर अचानक निकल गया। टायर निकलते ही बस सड़क पर घिसटने लगी, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। अचानक संतुलन बिगड़ने पर चालक ने किसी तरह बस को काबू में किया। बस के सड़क पर घिसटने से चिंगारियां निकलती रहीं और यात्री दहशत में आ गए।
गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और बस पलटने से बच गई। घटना में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहनों के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन से ऐसे वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की जा रही है।












