होली से पहले यूपी के किसानों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, भारी सब्सिडी पर मिलेंगे आधुनिक कृषि यंत्र
संवाददाता बिपिन मिश्रा
लखनऊ / उत्तर प्रदेश की योगी सरकार इस बार होली के अवसर पर प्रदेश के अन्नदाताओं के जीवन में खुशहाली के नए रंग भरने की तैयारी कर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कृषि विभाग ने किसानों को अत्याधुनिक कृषि यंत्रों पर भारी अनुदान देने का निर्णय लिया है। इस योजना का उद्देश्य खेती को आधुनिक बनाना और किसानों की लागत कम करके उनकी आय में वृद्धि करना है।किसानों को इन यंत्रों का लाभ उठाने के लिए समय का विशेष ध्यान रखना होगा। इच्छुक किसान 4 मार्च तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी गई है। किसानों को कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अनुदान का लाभ पहले आओ-पहले पाओ या निर्धारित विभागीय मानकों के आधार पर दिया जाएगा। योगी सरकार का मानना है कि आधुनिक यंत्रों के प्रयोग से न केवल श्रम की बचत होती है, बल्कि पैदावार भी बेहतर होती है। होली के उपलक्ष्य में इस तोहफे के जरिए सरकार का लक्ष्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना और किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। आवेदन के लिए किसान के पास अपना पंजीकरण नंबर और आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है। विस्तृत जानकारी के लिए अपने जिले के उप-कृषि निदेशक कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।












