मथुरा–बरेली हाईवे पर LPG गैस से भरा टैंकर पलटा
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी
कासगंज। जनपद में मथुरा–बरेली हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब एलपीजी गैस से भरा एक कैप्सूल टैंकर अचानक पलट गया। टैंकर से गैस का रिसाव शुरू होने पर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की कई टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास शुरू किया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने हाईवे पर दोनों ओर से वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से बंद कर दिया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके। बताया जा रहा है कि टैंकर गुजरात से एलपीजी गैस भरकर बरेली स्थित प्लांट की ओर जा रहा था। रास्ते में मथुरा–बरेली हाईवे पर मोहनपुरा के समीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे गैस का रिसाव होने लगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गैस सेफ्टी विभाग की टीम को भी सूचना दे दी है। मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और आसपास के लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
फिलहाल प्रशासन और राहत टीमें स्थिति को सुरक्षित बनाने में जुटी हुई हैं।












