रायबरेली के ऊँचाहार में दबंगों का खौफनाक तांडव: घर में घुसकर धारदार हथियारों और रॉड से हमला
दिल्ली से आए युवक से मोबाइल व 20 हजार लूटने का आरोप; महिला समेत चार लोगगंभीर रूप से घायल।
संवाददाता धीरेंद्र कुमार रायबरेली के ऊँचाहार क्षेत्र में दबंगों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला कोतवाली क्षेत्र के हुल्ला का पुरवा मजरे इटौरा बुजुर्ग गाँव का है, जहाँ पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने हदें पार करते हुए एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया।
घटना का विवरण
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना 18 अक्टूबर की शाम लगभग 8 बजे की है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, दिल्ली से अपने घर आए एक युवक ने आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष ने उसका मोबाइल और बीस हजार रुपये जबरन छीन लिए। जब इसका विरोध किया गया, तो आरोपी एकजुट होकर धारदार हथियारों, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से लैस होकर सीधे घर में घुस आए और बेखौफ होकर हमला बोल दिया।
घायलों की स्थिति
इस खूनी संघर्ष और बर्बर हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 24 वर्षीय लल्लन पाल, 40 वर्षीय हृदय लाल, 38 वर्षीय सोनी और शिमला शामिल हैं। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एक महिला समेत दो युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य को अंदरूनी और शारीरिक चोटें पहुँची हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जब तक इकट्ठा होते, तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए।
प्रशासनिक कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ पर सभी घायलों का डाक्टरों ने इलाज किया है , इस दुस्साहसिक वारदात पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से शिकायती पत्र देकर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया शिकायती पत्र मिला है, जांच कराकर विधिक कार्यवाई की जाएगी।












