वोट बचाओ-देश बचाओ’ आंदोलन: ऊंचाहार के जगतपुर और गौरा ब्लॉक में कांग्रेस की विशाल बाइक रैली, चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊंचाहार (रायबरेली)।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी “वोट बचाओ-देश बचाओ” आंदोलन के तहत रविवार को विधानसभा क्षेत्र ऊंचाहार के जगतपुर और गौरा ब्लॉक में जोरदार बाइक रैली निकाली गई। इस रैली का मुख्य उद्देश्य वोट-चोरी के खिलाफ जन जागरूकता फैलाना और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करना था।
जगतपुर ब्लॉक में यह बाइक रैली शंकरपुर स्थित राणा बेनी माधव इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर धोबहा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर समाप्त हुई। वहीं, गौरा ब्लॉक में रैली की शुरुआत चंदनिहा स्थित शहीद किसान पं. अमोल शर्मा स्मारक स्थल से हुई, जो गदागंज होते हुए भीक चरुहार पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरा विपक्ष एकजुट होकर वोट-चोरी के बल पर बनी भाजपा सरकार और उसका सहयोग करने वाले चुनाव आयुक्त के खिलाफ सड़कों पर उतर चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा देना ही होगा।
प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने कहा कि वोट-चोरी के खिलाफ राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई यह लड़ाई अब पूरे देश में “लोकतंत्र बचाओ महासंग्राम” का रूप ले चुकी है। ज्ञानेश कुमार की भूमिका का पर्दाफाश हो चुका है और उन्हें हर हाल में इस्तीफा देना पड़ेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष अनिरुद्ध दीक्षित, ओम दत्त त्रिवेदी, जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, घनश्याम शुक्ला, अनुराग गुप्ता, आर.के. सिंह, अमर बहादुर यादव, भिखारी मिश्रा, नितेश यादव, रवि सिंह, जसवंत सिंह, माजिद अली, राजीव सिंह, गोलू अग्रहरी, आर.पी. यादव, कृष्ण कुमार शुक्ला, ओ.पी. मौर्य, शैलेंद्र त्यागी, राघवेंद्र सिंह और प्रदीप अग्निहोत्री सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।











