ऊँचाहार में अवैध खनन पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, मचा हड़कंप
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊँचाहार (रायबरेली): क्षेत्र में बेखौफ चल रहे अवैध खनन के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए तहसील प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। मिर्जापुर एहारी गाँव के पास नहर की पटरी से किए जा रहे अवैध मिट्टी खनन पर छापेमारी करते हुए प्रशासन की टीम ने रंगे हाथ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि ऊँचाहार क्षेत्र के मिर्जापुर एहारी गाँव में नहर की पटरी को नुकसान पहुँचाकर अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार अभय प्रताप सिंह ने राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ गुप्त रूप से मिर्जापुर एहारी गाँव के समीप छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मिट्टी लादते हुए पाया गया। प्रशासनिक टीम को देखते ही खनन में लगे लोग मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया। पर्याप्त कागजात और खनन अनुमति न दिखाए जाने पर वाहन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
नायब तहसीलदार अभय प्रताप सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी संपत्तियों, विशेषकर नहर की पटरियों को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।











