मैनपुरी ARTO कार्यालय पर किसानों का हल्लाबोल, भ्रष्टाचार के आरोपों से मचा हड़कंप; ARTO सिद्धार्थ यादव को बंधक बनाने की दी धमकी
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जिले के एआरटीओ (ARTO) कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और आम जनता के कामकाज में हो रही देरी को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया। एआरटीओ कार्यालय के बाहर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन कर अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान माहौल गरमा गया और एआरटीओ सिद्धार्थ यादव को बंधक बनाने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई।
रिश्वत के बिना काम नहीं होने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि मैनपुरी के एआरटीओ कार्यालय में बिना अनुचित लाभ यानी रिश्वत दिए आम जनता के काम नहीं किए जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि कार्यालय में तैनात बाबुओं और अधिकारियों द्वारा लोगों की फाइलों को जानबूझकर लटकाया जाता है, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे आम नागरिकों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।











