कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़, 18 लोगों की मौत की खबर

कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़, 18 लोगों की मौत की खबर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिन दुर्गापूजा पंडाल में शनिवार को सप्तमी की शाम भारी भीड़ के कारण भगदड़ मचने की खबर है। इस हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत की खबर है, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि घायलों की संख्या बढ़ सकती है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे हैं। वहीं, पूजा आयोजकों को थाने में तलब किया गया है। हादसे के बाद प्रतिमा दर्शन बंद कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय बाहर तेज बारिश हो रही थी। बारिश के बीच पंडाल में दर्शनार्थियों की भीड़ बढ़ने से स्थिति बिगड़ गई। आशंका है कि पंडाल का ढांचा टूटने के कारण भी यह हादसा हुआ हो सकता है। घटना के बाद पूजा पंडाल की रोशनी बंद कर दी गई और बाहर निकलने के रास्ते भी बंद कर दिए गए। फिलहाल घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

पूजा आयोजक विकास दास ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा कैसे हुआ। उनकी प्राथमिकता घायलों को अस्पताल पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भीड़ के दबाव में लोग कुचल गए या किसी अन्य कारण से यह स्थिति बनी, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस और दमकलकर्मी भी पहुंचे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे हैं। दूसरी ओर, पूजा आयोजकों को थाने में तलब किया गया है।

सरकार ने जारी किया टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर

इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार ने हादसे से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। लोग 18003455678 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

गौरतलब है कि चोरबागान सार्वजनिन दुर्गोत्सव समिति ने इस वर्ष अपने पूजा पंडाल की थीम ‘आर्ब’ रखी है, जिसका अंग्रेजी भावार्थ ‘ध्वनि से परे’ है। इस अवधारणा के माध्यम से ध्वनि की परिचित सीमाओं से आगे बढ़कर मौन की गहराई को दर्शाने का प्रयास किया गया है। पंडाल को 360 डिग्री की अवधारणा के आधार पर तैयार किया गया है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें