ऊँचाहार में बूथ डे पर प्रशासनिक हलचल: जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद का किया औचक निरीक्षण
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊँचाहार (रायबरेली)।
आगामी चुनावों की तैयारियों और पोलिंग बूथों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान (बूथ डे) के तहत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका तथा पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विकास खंड ऊँचाहार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद स्थित मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उच्च अधिकारियों के अचानक विद्यालय पहुंचने से प्रशासनिक अमले और विद्यालय स्टाफ में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पोलिंग बूथ से संबंधित मूलभूत सुविधाओं जैसे—पेयजल, बिजली, शौचालय, रैम्प और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित बीएलओ (BLO) एवं संबंधित अधिकारियों को मतदाता सूची को अद्यतन करने तथा छूटे हुए पात्र लोगों के नाम तत्परता से जोड़ने के सख्त निर्देश दिए।
बच्चों से की बातचीत, परखी पठन-पाठन की गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का एक संवेदनशील रूप भी देखने को मिला। वह सीधे कक्षाओं में पहुंचीं और छोटे बच्चों से रूबरू हुईं। उन्होंने बच्चों से प्यार से बातचीत करते हुए उनसे पढ़ाई और खेलकूद के विषय में पूछा। इतना ही नहीं, जिलाधिकारी ने बच्चों से उनकी किताबों से सवाल-जवाब कर शिक्षा के स्तर और पठन-पाठन की गुणवत्ता को भी परखा। बच्चों ने भी बिना किसी झिझक के अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए, जिससे जिलाधिकारी काफी प्रसन्न नजर आईं।
साफ-सफाई और मध्याह्न भोजन व्यवस्था पर विशेष जोर
विद्यालय परिसर, कक्षाओं और शौचालय की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने स्वच्छता पर विशेष असंतोष न जताते हुए निर्देश दिए कि स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता को हमेशा गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने और बच्चों को स्वच्छ व पौष्टिक आहार देने की हिदायत दी।











