गुरसराय में विद्युत करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
संवाददाता अनिल कुशवाहा गुरसरांय (झांसी)कस्बे में सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि में एक पल्लेदार की विधुत करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गुरसरांय थाना क्षेत्र के मुहल्ला पाएगा निवासी भगवान दास कुशवाहा पुत्र दयाराम कुशवाहा (40) वर्ष गल्ला मंडी में पल्लेदारी का कार्य करता था रोज की तरह सोमवार को मंडी से काम करके लौटने के बाद उन्होंने भोजन किया और सो गए। मध्यरात्रि लगभग 3 बजे अचानक पंखा बंद हो जाने पर उनकी नींद खुली।
दयाराम ने जैसे ही पंखे का तार बिजली के बोर्ड में जोड़ने का प्रयास किया, तभी वह करंट की चपेट में आ गए और जोर से जमीन पर गिर पड़े। गिरने की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही गुरसरांय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया।
अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। मृतक भगवान दास कुशवाहा परिवार में कमाने वाले एकमात्र सदस्य थे। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गुरसरांय थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें गर्मी से राहत: उत्तर प्रदेश में मौसम ने बदला मिज़ाज, बादल और बूंदाबांदी से मिली राहत












