गैर इरादतन हत्या का फरार आरोपी गिरफ्तार, कुंडा पुलिस ने भेजा जेल
दैनिक चक्र संवाददाता कुंडा प्रतापगढ़।कुंडा कोतवाली क्षेत्र के सिलवाटपुर गांव निवासी माया राम सरोज पुत्र कलेसर के खिलाफ कुछ माह पूर्व गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कुंडा इंस्पेक्टर अवन कुमार दीक्षित ने एक विशेष टीम का गठन किया था, जिसे आरोपी की गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी की लोकेशन का पता लगाने की कोशिशें जारी रखीं।
कड़ी मेहनत के बाद रविवार को पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। थाना क्षेत्र के बिहार मोड़ नाला के पास भदरी के समीप से फरार आरोपी माया राम सरोज को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी को उपनिरीक्षक गोविंद सिंह चौहान और उनकी टीम ने सूझबूझ और सतर्कता से अंजाम दिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कुंडा कोतवाली लाया गया, जहां इंस्पेक्टर अवन कुमार दीक्षित ने विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया। कुंडा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यह संदेश गया है कि अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें सीएम योगी कल लखनऊ और भदोही में रहेंगे सक्रिय, ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम में भी लेंगे हिस्सा












