मोटरसाइकिल खड़ी करने के विवाद में दबंगों का हमला, हंसिए से सिर फाड़ा; बचाव में आई पत्नी से भी मारपीट
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी/ बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम लोधीपुर में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने हंसिए से वार कर पीड़ित का सिर फाड़ दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी को भी आरोपियों ने जमकर पीटा। गंभीर हालत में घायल को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार ग्राम लोधीपुर निवासी म्यानपाल अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी कर रहे थे। इसी बात को लेकर गांव के ही मदन और विपिन से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दोनों ने हंसिए से म्यानपाल पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के दौरान म्यानपाल की पत्नी ने बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल म्यानपाल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।












