एटा-फिरोजाबाद बॉर्डर पर भीषण हादसा: दो डंपरों की आमने-सामने टक्कर, दो ड्राइवरों की जिंदा जलकर मौत, दो गंभीर घायल
मंडल संवाददाता अमित चौहान


एटा। जनपद एटा और फिरोजाबाद की सीमा पर स्थित इसौली चौराहे के पास डीएनपी पब्लिक स्कूल इमलिया के निकट शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने आ रहे दो डंपरों की जोरदार भिड़ंत में दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर ही दोनों ड्राइवरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भिड़ंत के तुरंत बाद दोनों डंपरों में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ड्राइवरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और वे आग की लपटों में जिंदा जल गए। घटना की सूचना मिलते ही सकरौली थाना पुलिस (एटा) और रजावली थाना पुलिस (फिरोजाबाद) मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की दो गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद एटा-टूंडला मार्ग पूरी तरह जाम हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए इसौली चौराहे से यातायात को डायवर्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों डंपर आर.एस. उपाध्याय के थे। एक डंपर टूंडला की ओर से एटा आ रहा था, जबकि दूसरा एटा से आगरा की तरफ जा रहा था। हादसा लगभग दोपहर 3:30 बजे हुआ।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ है। हादसे के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ












