हापुड़ में बंद मकान से नकली खाद और बीज बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, प्रशासन की टीम ने की छापेमारी
संवाददाता विष्णु दत्त रावत हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में एक बंद मकान से नकली खाद, पेस्टीसाइड और बीज बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। यह मामला मोहल्ला उपासना बिहार देहात का है, जहां एक बंद मकान में बड़ी मात्रा में नकली खाद, कीटनाशक दवाएं और बीजों के रैपर बरामद किए गए हैं।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम हरकत में आ गई। एसडीएम इला प्रकाश, पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार शर्मा, थाना हापुड़ देहात प्रभारी विजय कुमार गुप्ता, चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार और जिला कृषि रक्षा अधिकारी गौरव प्रकाश अपनी टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की।
अहाता उग्रसेन, थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के एक अन्य मकान में भी नकली उत्पादों के रैपर मिलने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों की तलाश की जा रही है।
जिला प्रशासन का कहना है कि नकली कृषि उत्पादों की बिक्री से किसानों को भारी नुकसान होता है और यह अपराध गंभीर श्रेणी में आता है। छापेमारी के दौरान बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें UP पुलिस में नई ट्रेनिंग नीति की शुरुआत: डीजीपी राजीव कृष्ण का बड़ा कदम












