ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
संवादाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद के थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम दरवाह में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ग्रामीणों के अनुसार महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जनपद के थाना दक्षिण क्षेत्र के ग्राम हिमायुपुर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र रमेश चंद्र ने बताया कि उनकी बहन प्रीती (26 वर्ष) की शादी शिवकुमार निवासी ग्राम दरवाह थाना दन्नाहार जनपद मैनपुरी के साथ हुई थी। प्रवीण का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बहन की हत्या कर दी है। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण प्रीती को उपचार के लिए जिला अस्पताल मैनपुरी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना दन्नाहार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि प्रीती ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।












