जनपद गाजियाबाददिनांक: 06 अप्रैल 2026‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी शिक्षा सुदृढ़ीकरण हेतु वार्षिक समीक्षा बैठक संपन्न। सीडीओ अभिनव गोपाल
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा


गाजियाबाद। आज विकास भवन के सभागार में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु राकेट लर्निंग संस्था द्वारा संचालित आंगनबाड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम की वार्षिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव गोपाल द्वारा की गई तथा यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शशि वार्ष्णेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बैठक में कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए शैक्षणिक सत्र 2026–27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आंगनबाड़ी स्तर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें विद्यालय के लिए तैयार करने हेतु विभिन्न उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा गया कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकर में केंद्र खोलने के उपरांत बच्चों के साथ की गई गतिविधियों को आंगनबाड़ी शिक्षा व्हाट्सएप समूह पर अनिवार्य रूप से साझा करें। साथ ही सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया कि वे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें एवं नियमित रूप से उनका मार्गदर्शन करें। मुख्य विकास अधिकारी महोदय अभिनव गोपाल ने राकेट लर्निंग द्वारा संचालित कार्यक्रम की सराहना करते हुए डिजिटल कंटेंट के माध्यम से कार्यकत्रियों को सहयोग प्रदान करने, प्रशिक्षण में नियमित सहभागिता, सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने एवं सोशल-इमोशनल लर्निंग (SEL) पर दिए जा रहे विशेष जोर की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सुपरवाइजर एवं मुख्य सेविकाओं के प्रयासों की सराहना की। बैठक में जनपद के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्था की ओर से जिला समन्वयक श्रीमती शाहिना इकबाल, श्रीमती आयुषी कटियार, कार्यक्रम प्रबंधक चंद्र प्रकाश एवं राज्य प्रोग्राम लीड श्री प्रवीण वर्मा भी उपस्थित रहे।












