बेर तोड़ने पेड़ पर चढ़ी किशोरी की करंट से मौत, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई
संवादाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बेर तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ी एक किशोरी की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया गया है कि किशोरी गांव के पास स्थित एक पेड़ पर बेर तोड़ने के लिए चढ़ी थी। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। करंट लगते ही किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और उसका शव पेड़ तथा बिजली तार के बीच फंसकर लटक गया। ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग और पुलिस को दी गई, लेकिन करीब एक घंटे तक शव पेड़ और तार के बीच लटका रहा। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग का कोई अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सावधानीपूर्वक शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि आबादी के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।












