एटा में चला सख्त ट्रैफिक अभियान: 142 वाहनों के कटे चालान, ₹1.72 लाख वसूले
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष यातायात जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को यातायात पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 142 वाहनों के चालान किए गए, जिनसे कुल ₹1,72,500 रुपये का सम्मन शुल्क वसूला गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में 06 अप्रैल 2026 को यह अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म, हूटर, सायरन और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ विशेष कार्रवाई की। इसके अलावा ड्रिंक एंड ड्राइव, तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाना, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, बिना नंबर प्लेट और नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी सख्ती बरती गई। यातायात प्रभारी अनिल कुमार वर्मा ने अभियान के दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षा के लिए अत्यंत जरूरी है, जबकि ओवरस्पीड और लापरवाही दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं।
जनहित में जारी मुख्य यातायात नियम:
दोपहिया वाहन पर चालक व पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना जरूरी
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें
शराब पीकर वाहन चलाना दंडनीय अपराध है
निर्धारित गति सीमा का पालन करें
ट्रैफिक सिग्नल और संकेतों का पालन करें
नाबालिगों को वाहन चलाने न दें
प्रेशर हॉर्न, हूटर और अवैध सायरन का प्रयोग न करें
वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म न लगाएं
वाहन हमेशा निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।












