करछना में दलित युवक की हत्या के बाद बवाल, भीम आर्मी कार्यकर्ताओं का हंगामा, पुलिस पर पथराव
प्रयागराज, करछना: करछना के ईसोटा गांव में बीते दिनों दलित युवक की हत्या कर शव जलाए जाने की घटना ने नया मोड़ ले लिया जब शनिवार को भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर रावण मृतक के परिवार से मिलने प्रयागराज पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार, दोपहर तीन बजे उनके गांव पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने सर्किट हाउस में ही उन्हें रोक लिया, जिससे नाराज होकर बड़ी संख्या में भीम आर्मी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।
शाम चार बजे के बाद करछना-कोहड़ार मार्ग पर स्थित हनुमानपुर मोरी के पास तीन हजार से अधिक कार्यकर्ता एकत्र हो गए। पुलिस द्वारा रोके जाने के प्रयास पर गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की। कई निजी वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया और राहगीरों के साथ मारपीट की गई।
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी बुलाई गई। डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
पुलिस ने मौके से कई भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। एक घंटे से अधिक समय तक चले इस तनावपूर्ण घटनाक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।
ये भी पढ़ें एटा: उरई पुलिस को बड़ी कामयाबी












