जीटी रोड पर चोरी का आतंक एक ही रात में चार मोटर्स वर्कशॉप बने निशाना
संवाददाता मुकेश कुमार 

एटा। जिले में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली देहात क्षेत्र में जीटी रोड किनारे स्थित मोटर्स वर्कशॉपों को निशाना बनाते हुए चोरों ने देर रात ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम दिया। एक के बाद एक चार वर्कशॉप में धावा बोलकर चोर लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने अवागढ़ मोटर्स, क्लासिक मोटर्स, रफीक बॉडी मेकर्स और राइन मोटर्स को निशाना बनाया। यहां से गाड़ियों की बैटरियां, पीतल की वेल्डिंग मशीनें और मशीनों में लगी महंगी वायरिंग चोरी कर ली गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते करीब एक साल में इसी क्षेत्र में यह चौथी बड़ी चोरी की वारदात है। इससे पहले भी कई बार चोर इसी इलाके को अपना निशाना बना चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत और तहरीर देने के बावजूद कोतवाली देहात पुलिस इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। यह पूरी घटना जीटी रोड स्थित गंगा नगर पुल के नीचे जैन धर्म कांटा/प्रकाश धर्मकांटा के पास की है, जो अब चोरी की वारदातों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन लगातार हो रही चोरियों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।












