जीटी रोड पर हंगामा सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया जाम

जीटी रोड पर हंगामा सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया जाम

संवाददाता मुकेश कुमार

एटा। जनपद के सकीट थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने जीटी रोड पर शव रखकर जोरदार हंगामा किया और सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जनपद के थाना एका क्षेत्र के नगला गड़रिया निवासी बबलू अपनी ससुराल कर्मचंदपुर जा रहा था। जैसे ही वह सकीट थाना क्षेत्र के चपरई गांव के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बबलू की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब 2 से 3 घंटे तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध हुई। इसी बात से नाराज परिजन आक्रोशित हो उठे। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने युवक के शव को जीटी रोड पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर कोतवाली नगर प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनकी परिजनों से तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा परिजनों को उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया गया है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें