नौकरी के नाम पर ठगी, 100 से ज़्यादा फर्जी कंपनियों से GST घोटाला
मेरठ: उत्तर प्रदेश STF की मेरठ यूनिट को एक बड़ी सफलता मिली है। फर्जी दस्तावेज़ों के सहारे फर्जी कंपनियाँ बनाकर सैकड़ों करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया गया है। यूपी एसटीएफ ने इस गिरोह के पाँच सदस्यों को कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले लोगों को नौकरी का झांसा देकर उनसे जरूरी कागजात इकट्ठा करते थे। फिर उन्हीं दस्तावेज़ों के आधार पर फर्जी कंपनियाँ बनाकर जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराते थे और करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम करके सरकार को चूना लगाते थे।
एसटीएफ के मुताबिक अब तक 100 से अधिक फर्जी कंपनियों के जरिए हुए इस घोटाले में सैकड़ों करोड़ की जीएसटी चोरी की जा चुकी है। यह गिरोह मूलतः राजस्थान के बदमाशों द्वारा संचालित किया जा रहा था, लेकिन इसका नेटवर्क कर्नाटक में सक्रिय था।
कार्रवाई के दौरान STF ने आरोपियों के पास से तीन लग्जरी कारें, कई मोबाइल, फर्जी दस्तावेज, लैपटॉप और भारी मात्रा में संदिग्ध कागजात बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं, जिन्होंने बेंगलुरु को अपना ठिकाना बनाकर देश के अलग-अलग हिस्सों में फर्जीवाड़े को अंजाम दिया।
STF मेरठ यूनिट की बड़ी सफलता
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली यूपी STF की मेरठ यूनिट को शासन स्तर पर भी सराहना मिली है। जीएसटी विभाग और STF की संयुक्त कार्रवाई से करोड़ों की टैक्स चोरी को रोका गया है।
ये भी पढ़ें एटा: बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन हेतु चलाया गया संयुक्त रेस्क्यू अभियान












