होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025: परीक्षा से पहले प्रशासन सख्त, एएसपी व एडीएम ने किया केंद्र का निरीक्षण।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
आगामी होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद प्रतापगढ़ में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 24 अप्रैल 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री बृजनन्दन राय एवं अपर जिलाधिकारी (ADM) प्रतापगढ़ द्वारा संयुक्त रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित मथुरा प्रसाद इंटर कॉलेज, चिलबिला परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया और ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों को पूर्ण सतर्कता बरतने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। केंद्र व्यवस्थापक एवं पर्यवेक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा हर हाल में नकल-विहीन कराई जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, प्रवेश पत्र सत्यापन एवं सुव्यवस्थित प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। इसके साथ ही परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं केंद्र पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि होमगार्ड्स परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिस बल के जवान भी उपस्थित रहे।












