शादी की खुशी में दर्दनाक हादसा: एटा में छज्जा गिरने से महिला समेत तीन लोग घायल, इलाज के बाद खतरे से बाहर
संवादाता अमन अहमद: एटा। मिरहची थाना क्षेत्र के धिरामई गांव में शुक्रवार की शाम एक शादी समारोह की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नेहा नामक युवती की शादी के लिए घर सजाया जा रहा था, तभी अचानक पुराना छज्जा गिर पड़ा। इस हादसे में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कृष्णपाल की बेटी नेहा की शादी में बारात आने वाली थी। सजावट का काम जोरों पर चल रहा था और दरवाजे पर लाइट डेकोरेशन के लिए एक इलेक्ट्रीशियन छज्जे पर चढ़कर काम कर रहा था। तभी छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। नीचे खड़ी गायत्री देवी (45), 15 वर्षीय मोहित पुत्र रामविलास और एक लाइट मिस्त्री घायल हो गए।
तीनों घायलों को तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया। गायत्री देवी की हालत थोड़ी गंभीर बताई गई, उन्हें अस्पताल में भर्ती रखा गया है। अन्य दोनों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
घायल महिला के भाई विनय ने बताया कि हादसे के वक्त घर में शादी की सजावट का काम चल रहा था, तभी यह दुखद घटना हो गई। थाना मिरहची प्रभारी ओपी सिंह ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों की स्थिति अब सामान्य है।
ये भी पढ़ें दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर के हैरो से टकराकर 4 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम












