एटा पीलुआ थाना समाधान दिवस में डीएम की पहल से सुलझा वर्षों पुराना पारिवारिक विवाद।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जनपद में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अरविंद सिंह की सूझबूझ और संवेदनशील पहल का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया। थाना पिलुआ क्षेत्र के कुंदनपुर गांव में वर्षों से चल रहे चाचा-भतीजे के नाली विवाद का समाधान आखिरकार प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से हो गया। बताया गया कि गांव निवासी भीष्मपाल यादव और विपिन यादव के बीच नाली को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जिसके कारण दोनों परिवारों के रिश्तों में भी काफी कटुता आ गई थी। थाना समाधान दिवस में जब यह मामला जिलाधिकारी के सामने पहुंचा तो उन्होंने गंभीरता से दोनों पक्षों की बात सुनी। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन भी मौके पर मौजूद रहे डीएम अरविंद सिंह ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई और आपसी समझौते का रास्ता निकाला। प्रशासन की सकारात्मक पहल के चलते वर्षों पुराना विवाद समाप्त हो गया और दोनों परिवारों के बीच फिर से रिश्ते सामान्य हो गए।जिलाधिकारी के इस मानवीय और प्रशंसनीय कदम की जनपदभर में सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी तरह संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का समाधान करता रहा तो छोटे-छोटे विवाद बड़ी घटनाओं में बदलने से रोके जा सकते हैं।












