“3 मासूमों संग मां गायब: 5 दिन बाद भी सुराग नहीं, तखतपुर थाना घेर कलार समाज का फूटा गुस्सा!”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बिलासपुर :- तखतपुर क्षेत्र के ग्राम सावाडबरा से एक महिला अपने तीन नाबालिग बच्चों सहित रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद महिला और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता अब भय में बदलती जा रही है। वहीं मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में सनसनी और तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, महिला 4 मई को अपने तीन बच्चों के साथ बिलासपुर स्थित अपनी बहन के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने बताया कि महिला का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। पहले परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिलने पर तखतपुर थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू तो कर दी है, लेकिन पांच दिन बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी नाराजगी के बीच कलार समाज के पदाधिकारी और समाज प्रमुख बड़ी संख्या में तखतपुर थाना पहुंचे और थाना प्रभारी विवेक पांडेय से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस की धीमी जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। समाज प्रमुखों का कहना है कि एक महिला और तीन मासूम बच्चों का एक साथ अचानक गायब हो जाना बेहद गंभीर मामला है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले में विशेष टीम गठित कर जल्द से जल्द महिला और बच्चों का पता लगाया जाए। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय और आशंका का माहौल बना हुआ है। लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। वहीं परिजन हर गुजरते दिन के साथ टूटते नजर आ रहे हैं। इधर तखतपुर थाना प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला और बच्चों की तलाश लगातार जारी है तथा जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।












