“संस्कार, योग और प्रेरणा का संगम : ‘हम होंगे कामयाब’ समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों की प्रतिभा ने जीता सभी का दिल”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
दस दिवसीय “हम होंगे कामयाब” समर कैंप का समापन समारोह ब्रह्मकुमारी शशि दीदी जी के सानिध्य में हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों एवं प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रेरणादायी गतिविधियां एवं मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। समर कैंप के दौरान बच्चों को नैतिक शिक्षा, योग, ध्यान, संस्कार, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी अनेक गतिविधियों के माध्यम से प्रेरित किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के भीतर सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं संस्कारित जीवन मूल्यों का विकास करना रहा। समापन अवसर पर ब्रह्मकुमारी शशि दीदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ संस्कार और सकारात्मक सोच भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को अनुशासित जीवन जीने, माता-पिता का सम्मान करने एवं अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। इस अवसर पर ज्ञानोदय विद्यालय की डायरेक्टर अलका तिवारी , प्रदेश मंत्री संध्या परघानिया , सभापति नीतू कोठारी , महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष लता वर्मा, महेंद बिरदी, गोवर्धन वकील सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।












