एटा में डीएम का औचक निरीक्षण, पुरानी तहसील के अभिलेखों की सुरक्षा और छात्राओं की सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

एटा में डीएम का औचक निरीक्षण, पुरानी तहसील के अभिलेखों की सुरक्षा और छात्राओं की सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने आज तहसील अलीगंज स्थित पुरानी तहसील परिसर में संचालित सहायक निबंधन कार्यालय तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों की सुरक्षा, डिजिटल व्यवस्था और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।

100 वर्ष पुराने भवन में रखे अभिलेखों की सुरक्षा पर चिंता

सहायक निबंधन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लगभग 100 वर्ष पुराने भवन में सुरक्षित रखे गए महत्वपूर्ण अभिलेखों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आमजन की संपत्तियों से संबंधित रजिस्ट्री अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए उनका सुरक्षित एवं व्यवस्थित संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान जिलाधिकारी ने सहायक निबंधन अधिकारी को निर्देश दिए कि नवीन भवन निर्माण हेतु स्टांप एवं निबंधन विभाग लखनऊ को प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि अभिलेखों के संरक्षण के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन उपलब्ध कराया जा सके।

रजिस्ट्रियों के डिजिटलाइजेशन और समयबद्ध अपलोडिंग के निर्देश

डीएम ने निर्देश दिए कि कार्यालय में अपलोड की जा रही सभी रजिस्ट्रियों को निर्धारित समयावधि के भीतर तहसील पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाए, जिससे नामांतरण संबंधी कार्यवाही समय से पूरी हो सके और आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने समस्त बही एवं अभिलेखों को इंडेक्सवार क्रमबद्ध तरीके से डिजिटलाइज किए जाने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में अभिलेखों की खोज एवं सत्यापन प्रक्रिया तेज और सुगम हो सके। जिलाधिकारी ने एसडीएम अलीगंज जगमोहन गुप्ता को पुरानी एवं निष्प्रयोज्य भवनों के स्थान पर नए भवन निर्माण की कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। साथ ही सहायक निबंधन अधिकारी आर.एस. पाल को अभिलेखों की स्कैनिंग एवं इंडेक्सिंग कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा कार्यालय में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्राओं की सुविधाओं का लिया जायजा

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय की वार्डन प्रमिला कुमारी ने बताया कि विद्यालय में लगभग 100 छात्राएं पंजीकृत हैं और उन्हें निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्रावास परिसर, रसोईघर, सिंक, छात्राओं के आवासीय कमरों एवं बाथरूम की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय की साइड बाउंड्री पर कांटेदार फेंसिंग, बरामदे में पर्दे एवं अतिरिक्त लाइट लगाए जाने के निर्देश भी दिए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें