“कृषि ही छत्तीसगढ़ की आर्थिक रीढ़, कम जमीन में अधिक उत्पादन ही भविष्य” : राज्यपाल रमेन डेका का बड़ा संदेश, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में मेधाओं का हुआ सम्मान

“कृषि ही छत्तीसगढ़ की आर्थिक रीढ़, कम जमीन में अधिक उत्पादन ही भविष्य” : राज्यपाल रमेन डेका का बड़ा संदेश, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में मेधाओं का हुआ सम्मान

जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू

रायपुर। रमेन डेका एवं कुलाधिपति ने आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होकर कृषि, तकनीक और नवाचार आधारित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया। समारोह में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लगभग 80 प्रतिशत अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है, लेकिन लगातार भूमि संकुचित होती जा रही है। ऐसे में कम जमीन में अधिक उत्पादन और वैल्यू एडिशन आधारित कृषि ही भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है। राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज कृषि पारंपरिक व्यवस्था से आगे बढ़कर विज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता ड्रोन तकनीक, उपग्रह मानचित्रण, सटीक कृषि प्रणाली, जैव प्रौद्योगिकी और डेटा विश्लेषण जैसी आधुनिक तकनीकें कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन तकनीकों को अपनाकर कृषि को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने का आह्वान किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विष्णु देव साय उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राम विचार नेताम एवं भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली के पूर्व निदेशक और प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार सिंह मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए गए। विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को 13 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। वहीं 128 शोधार्थियों को पीएचडी, 518 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर तथा 1234 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधियां प्रदान की गईं। समारोह में दीक्षांत भाषण देते हुए डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कृषि अनुसंधान और नवाचार की आवश्यकता पर जोर दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने दीक्षांत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, अनुसंधान कार्यों एवं शैक्षणिक गतिविधियों पर विस्तृत प्रकाश डाला। साथ ही उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दीक्षा उपदेश भी दिया। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, विश्वविद्यालय के प्रबंध मंडल, विद्या परिषद एवं प्रशासनिक परिषद के सदस्य, प्राध्यापक, वैज्ञानिक, अधिकारीगण, विद्यार्थी और उनके पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें