भाजपा महिला मोर्चा का कलेक्ट्रेट घेराव, सपा सांसद के बयान पर उबाल; माफी और बर्खास्तगी की मांग
स्टेट ब्यूरो चीफ विष्णु रावत
लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए “सपा सांसद माफी मांगो” और “शर्म करो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल रहीं। उन्होंने सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद को तत्काल बर्खास्त करने और उनकी सदस्यता रद्द किए जाने की मांग भी उठाई।
पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया और भाजपा मीडिया प्रभारी चेतना पांडे ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए सपा पर तीखा हमला बोला। चेतना पांडे ने कहा कि सांसद का बयान समाजवादी पार्टी की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं के भीतर प्रधानमंत्री और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ निम्नस्तरीय भाषा का इस्तेमाल केवल प्रधानमंत्री का ही नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं का भी अपमान है। सांसद द्वारा अपशब्दों का प्रयोग उनकी कुंठा और विकास विरोधी सोच को उजागर करता है। उन्होंने मांग की कि संबंधित सांसद को तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाए। वहीं संयुक्ता भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी एक दल या वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे देश के मुखिया होते हैं। ऐसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सपा सांसद बिना शर्त देश और प्रधानमंत्री से माफी मांगें तथा उनके खिलाफ संसद की गरिमा भंग करने के आरोप में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।












