प्रयागराज में जमीन विवाद में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप
भाजपा विधि प्रकोष्ठ के पूर्व पदाधिकारी पर भी हमला, पत्नी-बेटे समेत चार हिरासत में; पुलिस मामले की जांच में जुटी
संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज।
कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी स्थित काटजू की बगिया में गुरुवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में 52 वर्षीय अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां से एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान भाजपा विधि प्रकोष्ठ काशी प्रांत के पूर्व संयोजक देवेंद्र नाथ मिश्रा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने देवेंद्र नाथ मिश्रा, उनकी पत्नी और बेटे समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लंबे समय से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव और देवेंद्र नाथ मिश्रा के मकान आमने-सामने स्थित हैं। दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरुवार दोपहर देवेंद्र नाथ मिश्रा कई लोगों के साथ सतीश चंद्र श्रीवास्तव के घर पहुंचे। इस दौरान मकान और पीछे स्थित प्लॉट की बाउंड्री तोड़ने को लेकर विवाद बढ़ गया। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और इसी दौरान सतीश चंद्र श्रीवास्तव को गोली लग गई।
करीब 20 लोगों के साथ घर पहुंचने का आरोप
मृतक की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव के मुताबिक, गुरुवार को वह अपने पति और बेटियों के साथ कॉलेज में थीं। घर पर ताला लगा हुआ था। दोपहर करीब 12:30 बजे उनके पति का फोन आया। उन्होंने बताया कि देवेंद्र नाथ मिश्रा कई लोगों के साथ सलोरी स्थित मकान में घुस आए हैं। सूचना मिलने पर जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां करीब 20 लोग तोड़फोड़ कर रहे थे। पीछे स्थित प्लॉट की बाउंड्री भी तोड़ दी गई थी।
वर्षा श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके पति के साथ धक्का-मुक्की की गई और लोहे की रॉड से हमला किया गया। उन्होंने देवेंद्र नाथ मिश्रा के बेटों निपेंद्रनाथ मिश्रा उर्फ बच्चू और अमरेंद्रनाथ मिश्रा उर्फ अनुपम समेत अन्य लोगों पर भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया। देवेंद्र नाथ मिश्रा की पत्नी की भूमिका को लेकर भी उन्होंने आरोप लगाए हैं। वर्षा के अनुसार, आरोपियों ने पथराव किया और उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों तथा कुर्सी से पीटा।
पेट में गोली मारने का आरोप, पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
वर्षा श्रीवास्तव का आरोप है कि विवाद के दौरान अमरेंद्रनाथ मिश्रा ने रिवॉल्वर निकालकर उनके पति के पेट में गोली मार दी। उन्होंने पुलिस चौकी प्रभारी विपिन यादव पर भी उनके पति के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी घटनास्थल पर जुट गए। इसी बीच देवेंद्र नाथ मिश्रा पर चापड़ से हमला किए जाने की बात सामने आई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कॉलेज में भी कार्यरत थे अधिवक्ता
बताया गया कि सतीश चंद्र श्रीवास्तव अधिवक्ता होने के साथ-साथ ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में लैब अटेंडेंट के रूप में भी कार्यरत थे। उनकी पत्नी एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं, जबकि उनकी बेटी वैष्णवी एक निजी कॉलेज में पढ़ाती हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस जमीन विवाद, गोलीबारी, मारपीट और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।











