“कोतवाली से 600 मीटर दूर ‘सोने की बड़ी सेंध’ : दुर्ग रोड के फोटो स्टूडियो से दिनदहाड़े लाखों के जेवर गायब, CCTV बंद होने से गहराया रहस्य!”
15-16 तोला सोना चोरी होने का दावा, FIR में दर्ज रकम पर भी उठे सवाल
जिला संवाददाता : ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। शहर के व्यस्त दुर्ग रोड स्थित एक फोटो स्टूडियो में दिनदहाड़े हुई सोने की बड़ी चोरी ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। खास बात यह है कि घटना स्थल सिटी कोतवाली बेमेतरा से महज लगभग 600 मीटर की दूरी पर स्थित बताया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना बेमेतरा में दर्ज FIR क्रमांक 0305/2026 के अनुसार प्रार्थी माधव शर्मा, निवासी वार्ड क्रमांक 15 बेमेतरा, ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने एक मित्र के साथ DCB बैंक शाखा गया था। बैंक से लौटने के दौरान दोनों दुर्ग रोड स्थित एक फोटो स्टूडियो पहुंचे। इसी दौरान प्रार्थी ने अपने रखे सोने के मंगलसूत्र, सोने के सिक्के, झुमके एवं अन्य पुरानी ज्वेलरी से भरा डिब्बा स्टूडियो के काउंटर में रखा था। कुछ समय बाद जब उसने अपना सामान देखा तो सोने से भरा पूरा डिब्बा गायब मिला। FIR के अनुसार चोरी हुए सामान में लगभग 25 ग्राम का मंगलसूत्र, 45 ग्राम के सोने के सिक्के एवं 20 ग्राम के झुमके शामिल बताए गए हैं, जिसकी कुल कीमत करीब ₹4 लाख 60 हजार आंकी गई है।हालांकि मामले में नया मोड़ तब आया जब प्रार्थी पक्ष द्वारा दावा किया गया कि चोरी हुआ सोना करीब 15 से 16 तोला था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 20 से 22 लाख रुपए तक हो सकती है। सूत्रों के अनुसार अधिक कीमत का उल्लेख करने पर कथित तौर पर कहा गया — “बाकी आप अपने बयान में लिख देना…”। इसके बाद अब FIR में दर्ज रकम और वास्तविक नुकसान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
CCTV बंद… और उसी वक्त चोरी!
घटना का सबसे रहस्यमयी पहलू यह है कि चोरी के समय फोटो स्टूडियो का CCTV कैमरा बंद बताया जा रहा है। इससे यह आशंका और गहरा गई है कि घटना को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैमरा तकनीकी खराबी के कारण बंद था या किसी ने जानबूझकर उसे निष्क्रिय किया।
BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच अधिकारी रघुराज सिंह यदु को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब कोतवाली से कुछ ही दूरी पर इस तरह लाखों के सोने पर हाथ साफ हो सकता है, तो आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। अब पूरे शहर की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है। लोगों को इंतजार है कि आखिर चोरी गए सोने की वास्तविक कीमत क्या थी, CCTV बंद कैसे हुआ और इस हाई-प्रोफाइल चोरी के पीछे कौन लोग शामिल हैं।












